पुरोला पुलिस ने कुख्यात महिला ड्रग माफिया मैराज को देहरादून से किया गिरफ्तार, एनडीपीएस समेत 13 मुकदमे दर्ज

उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में अवैध नशे एवं मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” एवं “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुरोला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित कुख्यात महिला ड्रग माफिया एवं गैंगस्टर मैराज को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। अभियुक्ता पूर्व में भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुकी है और उसके विरुद्ध देहरादून एवं उत्तरकाशी में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कई अभियोग दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार माह मई 2026 में डामटा बैरियर पर चेकिंग अभियान के दौरान पुरोला पुलिस ने दो युवकों को अवैध स्मैक की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान देहरादून के सहसपुर निवासी महिला मैराज की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्ता के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद गहन सुरागरसी-पतारसी एवं लगातार प्रयासों के फलस्वरूप पुलिस टीम ने 13 सितंबर 2026 को खुशहालपुर चौक, सहसपुर, देहरादून से अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ता को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में नशे की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क एवं अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और तस्करी की पूरी चेन तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता मैराज लंबे समय से अवैध नशे के कारोबार में सक्रिय रही है। उसके विरुद्ध वर्ष 2017 से वर्ष 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमों के अलावा गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम तथा अन्य आपराधिक धाराओं में कुल 13 अभियोग दर्ज हैं। देहरादून पुलिस द्वारा भी उसके विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
गिरफ्तार अभियुक्ता
मैराज पत्नी मुस्तकीम, निवासी खुशहालपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून, उम्र 48 वर्ष।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, प्रभारी चौकी नौगांव, कांस्टेबल देवेंद्र कुमार एवं महिला कांस्टेबल रिंकी शामिल रहे।


