वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की बैठक में गोपाल सिंघल बने प्रदेश मीडिया प्रभारी, विवेक अग्रवाल व गोपाल सिंघल कार्यक्रम संयोजक मनोनीत
देहरादून। उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की आवश्यक बैठक सहारनपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रदेश अध्यक्ष धन प्रकाश गोयल ने की, जबकि संचालन महामंत्री मिलिंद गोयल ने किया।
बैठक में आगामी 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी वृद्धजन दिवस का कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए श्री तुलसी प्रतिष्ठान, तिलक रोड को आयोजन स्थल चुना गया है।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने पर सहमति बनी। कार्यक्रम के दौरान शहर के वरिष्ठ गणमान्य नागरिकों तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया।
सम्मानित किए जाने वाले व्यक्तियों के चयन के लिए प्रदेश अध्यक्ष धन प्रकाश गोयल एवं महामंत्री मिलिंद गोयल को उपयुक्त नामों की सूची तैयार करने का दायित्व सौंपा गया। सूची को आगामी बैठक में प्रस्तुत कर अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस कार्यक्रम के लिए विवेक अग्रवाल एवं गोपाल सिंघल को कार्यक्रम संयोजक मनोनीत किया गया। साथ ही गोपाल सिंघल को समिति का प्रदेश मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक डीसी बंसल, बिरदी जी, आरती शर्मा, एमपी गुप्ता, कोषाध्यक्ष विजेंद्र गोयल, महिला अध्यक्ष श्रीमती खट्टर एवं श्रीमती बिरदी सहित पंकज गुप्ता, श्री स्वामी, एचसी ओबराय, नरेश सिंघल आदि उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आगामी कार्यक्रम को लेकर अपने विचार एवं सुझाव रखे।
अंत में प्रदेश अध्यक्ष धन प्रकाश गोयल की ओर से सभी उपस्थित सदस्यों को जलपान के लिए आमंत्रित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।
