होटल में नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार।कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने होटल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने और उसका वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कलियर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली कलियर में मुकदमा संख्या 275/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 351(2), 65(1), 70(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और सुरागरसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दानिश पुत्र मेहरबान (25 वर्ष), निवासी मुकर्रबपुर, कोतवाली पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो अधिनियम की अन्य संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक करुणा रौंकली, अपर उपनिरीक्षक कुंदन सिंह, हेड कांस्टेबल माजिद खान एवं हेड कांस्टेबल इसरार अली शामिल रहे।


