एम्स किच्छा में नौकरी के नाम पर ठगी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश। निर्माणाधीन एम्स किच्छा में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से धनराशि वसूलने और फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹2 लाख नकद और एम्स किच्छा में एमटीएस पद से संबंधित दो संदिग्ध फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2026 को एम्स ऋषिकेश के सुरक्षा विभाग की इंटेलिजेंस टीम ने संस्थान प्रशासन के समन्वय से बैराज रोड पर गोपनीय कार्रवाई की। इस दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को निर्माणाधीन एम्स किच्छा में नौकरी दिलाने के नाम पर ₹3.20 लाख के लेन-देन को लेकर बातचीत करते हुए पकड़ा गया।
एम्स ऋषिकेश प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोगों द्वारा निर्माणाधीन एम्स किच्छा में विभिन्न पदों पर नौकरी लगवाने के नाम पर अभ्यर्थियों से धनराशि मांगी और वसूली जा रही है तथा फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किए जा रहे हैं। मामले में प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 463/2026, धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान तहरीर, गवाहों के बयान, आरोपियों से पूछताछ तथा बरामद नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों के परीक्षण से पुलिस को आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिले। पूछताछ में आरोपी दीपक गुसाईं द्वारा नौकरी दिलाने के नाम पर विभिन्न लोगों से धनराशि लेने तथा उसमें से ₹2.40 लाख शिवा सिंह को देने की बात सामने आई। वहीं सुब्रत बछाड़ द्वारा स्वयं और अन्य लोगों की नौकरी लगवाने के लिए धनराशि दिए जाने तथा संबंधित लोगों को शिवा सिंह एवं राजदीप एंटरप्राइज के प्रबंधक विनायक से मिलाने की जानकारी भी सामने आई है।
उपलब्ध साक्ष्यों और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने 17 सितंबर 2026 को पांच आरोपियों सुब्रत बछाड़, दीपांशु मंडल, गणेश, दीपक गुसाईं और दीपना मंडल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में नौकरी के नाम पर अन्य अभ्यर्थियों से धनराशि लेने, फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने और उपलब्ध कराने तथा धनराशि के लेन-देन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुब्रत बछाड़ पुत्र विष्णुनाथ बछाड़, निवासी निर्मलनगर, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, उम्र 33 वर्ष, दीपांशु मंडल पुत्र दीपक मंडल, निवासी शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, उम्र 19 वर्ष, गणेश पुत्र बच्चू लाल, निवासी उल्धन बिसोटा, थाना नानकमत्ता, ऊधमसिंह नगर, उम्र 19 वर्ष, दीपक गुसाईं पुत्र स्वर्गीय मंगल सिंह गुसाईं, निवासी गली नंबर 03, मीरा नगर, ऋषिकेश, देहरादून, उम्र 33 वर्ष तथा दीपना मंडल पुत्री दीपक मंडल, निवासी शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, उम्र 22 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों से ₹2 लाख नकद बरामद किए हैं। यह धनराशि ₹500 के 400 नोटों के रूप में पीले रंग के लिफाफे में रखी मिली। इसके अलावा राजदीप एंटरप्राइज के लेटरहेड पर तैयार किए गए एमटीएस पद से संबंधित दो संदिग्ध फर्जी नियुक्ति पत्र भी बरामद हुए हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक निखलेश बिष्ट, कांस्टेबल ललित और महिला कांस्टेबल पूजा शामिल रहे।


