नैनीताल में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद; 11 मार्ग बाधित

रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में देर रात से लगातार मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर एक दिन के लिए स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन का यह निर्णय समय रहते लिया गया।
पिछले कुछ दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ था, लेकिन मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुरूप देर शाम से हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो देर रात तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश में बदल गई। बारिश और तेज हवाओं के चलते नैनीताल में ठंड भी बढ़ गई है। घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम हो गई है और कुछ स्थानों पर आमने-सामने की वस्तुएं भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही हैं।
लगातार बारिश के कारण पर्यटक भी होटल और कमरों में ही रहने को मजबूर हैं। नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। नालियां चोक होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बह रहा है। नदी, नाले और गाड़-गधेरे उफान पर हैं, जिससे लोगों में भी चिंता बनी हुई है।
मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ों से पत्थर और मलबा आने से जिले में 11 मार्ग बाधित हो गए हैं। इनमें दो राज्य मार्ग, एक प्रमुख जिला मार्ग और आठ ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को खोलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बारिश के कारण आसोज माह में होने वाला घास कटाई और धान कटाई का कार्य भी प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्यों की रफ्तार रोक दी है। खराब मौसम के चलते आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
जिला एवं पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल बेहद आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। साथ ही नदी, नाले और गाड़-गधेरों के आसपास जाने से पूरी तरह बचने की अपील की गई है।
