HTML tutorial
HTML tutorial

हल्द्वानी में नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 64.80 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी में नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 64.80 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग फ्री देवभूमि अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी एवं कोतवाली हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने 216 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों, एसओजी और एएनटीएफ को नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता एवं एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।

16 नवंबर 2026 को पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी मंडी क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी गेट के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 216 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 392/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30 वर्ष) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का कारोबार करता है। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी मंडी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, चौकी प्रभारी टीपी नगर, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, त्रिलोक रौतेला, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा एवं भानू ओली शामिल रहे। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम के सराहनीय कार्य पर 2,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

देवभूमि खबर

Related articles