HTML tutorial
HTML tutorial

माउंट मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा भारतीय तटरक्षक बल और एचएमआई का संयुक्त दल, मुख्यमंत्री धामी ने किया फ्लैग-इन

माउंट मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा भारतीय तटरक्षक बल और एचएमआई का संयुक्त दल, मुख्यमंत्री धामी ने किया फ्लैग-इन
Spread the love

7,045 मीटर ऊंची चोटी पर पहली बार भारतीय तटरक्षक बल ने दर्ज की ऐतिहासिक उपलब्धि, उत्तराखंड के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित किया 2,500 वर्ग फुट का विशाल ध्वज

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल का फ्लैग-इन किया। एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में अभियान दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में पहली बार सात हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी पर सफल आरोहण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने अभियान दल के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि हिमालय की दुर्गम परिस्थितियों में इस प्रकार की सफलता पर्वतारोहियों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का परिचायक है। यह उपलब्धि भारतीय तटरक्षक बल के साथ-साथ पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान साहस, शौर्य और समृद्ध पर्वतारोहण परंपरा से जुड़ी है। राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान का विशेष महत्व है। अभियान दल ने माउंट मुकुट ईस्ट के शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराकर प्रदेश की गौरवशाली यात्रा और हिमालय के साथ उसके गहरे संबंधों को प्रदर्शित किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार इन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं को पर्वतारोहण और अन्य साहसिक खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बल के जवानों द्वारा हिमालय की ऊंचाइयों पर इस प्रकार की उपलब्धि हासिल करना उनके उत्कृष्ट प्रशिक्षण और साहसिक क्षमताओं को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि माउंट मुकुट ईस्ट अभियान से प्राप्त अनुभव वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर अभियान दल के नेतृत्वकर्ता एवं एचएमआई, दार्जिलिंग के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है। स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत यह पर्वतारोहण अभियान आयोजित किया गया। पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट को सौंपी गई है।

कर्नल जोशी ने बताया कि 15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक संचालित अभियान के दौरान संयुक्त दल ने माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण किया। इससे पहले माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के क्रम में दल सिक्किम हिमालय की माउंट बी.सी. रॉय और माउंट थिंचेनखांग चोटियों का भी सफल आरोहण कर चुका है। इन अभियानों से पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी परिस्थितियों में अनुकूलन, तकनीकी दक्षता और सामूहिक समन्वय का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम में भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल, उप महानिरीक्षक डी.एस. चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल, कमांडेंट विश्वजीत सिंह, एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा सहित अभियान दल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles