HTML tutorial
HTML tutorial

मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि के बीच श्री राम सेवक सभा ने जारी रखा रामलीला का मंचन

मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि के बीच श्री राम सेवक सभा ने जारी रखा रामलीला का मंचन
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि के बावजूद श्री राम सेवक सभा ने रामलीला का मंचन जारी रखकर रामभक्ति और परंपरा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। खराब मौसम के कारण नगर के अन्य स्थानों पर रामलीला का मंचन नहीं हो सका, लेकिन श्री राम सेवक सभा के आयोजन में कलाकारों ने देर रात तक विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया। ठंड के बावजूद दर्शक रामलीला देखने के लिए डटे रहे और कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।

रामलीला का शुभारंभ नैनीताल की विधायक सरिता आर्या ने भगवान श्रीराम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री राम सेवक सभा की रामलीला में बालिकाओं का विभिन्न पात्रों के रूप में अभिनय करना सराहनीय पहल है। अब रामलीला के मंचों पर बालिकाएं भी उत्साहपूर्वक अपनी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अभिनय करने वाली बालिकाओं और उनके माता-पिता को साधुवाद देते हुए आशीर्वाद दिया तथा सभी को नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं दीं।

विधायक ने कहा कि भगवान श्रीराम सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लाएं। उन्होंने प्रदेश की निरंतर प्रगति और जनकल्याण की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रदेश में सुख-शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

देर रात तक चले मंचन में नटी-सूत्रधार, नारद मोह, भगवान श्रीराम जन्म और माता सीता के जन्म सहित कई प्रसंग प्रस्तुत किए गए। अयोध्या और जनकपुरी में श्रीराम तथा माता सीता के जन्म के अवसर पर खुशियों का माहौल दिखाया गया। कलाकारों ने इन प्रसंगों को जीवंत बनाकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
इसके बाद विश्वामित्र द्वारा श्रीराम और लक्ष्मण को यज्ञ की रक्षा के लिए ले जाने की याचना तथा ताड़का वध जैसे प्रसंगों का मंचन किया गया। बारिश, ओलावृष्टि और ठंड के बावजूद दर्शक देर रात तक रामलीला देखते रहे। कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को भावविभोर किया।

रामलीला के आयोजन में श्री राम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महामंत्री जगदीश बवाड़ी, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, प्रोफेसर ललित तिवारी, मिथिलेश पांडे, गिरीश भट्ट और भाजपा मंडल अध्यक्ष नितीन कार्की सहित अनेक लोग मौजूद रहे। आयोजन से जुड़े सदस्यों भीम सिंह कार्की, कैलाश जोशी, गोधन सिंह और आनंद बिष्ट ने पात्रों के श्रृंगार और वेशभूषा की व्यवस्था में सहयोग किया।

देवभूमि खबर

Related articles