HTML tutorial
HTML tutorial

कनखल आश्रम हत्याकांड में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का इनामी अभियुक्त चंडीगढ़ से गिरफ्तार

कनखल आश्रम हत्याकांड में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का इनामी अभियुक्त चंडीगढ़ से गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने वर्ष 2024 में हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में हुए आश्रम हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त प्रदीप को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त शामली जिले के झिंझाना क्षेत्र के ऊदपुर गांव का निवासी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह वर्तमान में पंजाब में छोटा हाथी वाहन से माल पहुंचाने का काम कर रहा था।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एसटीएफ की टीम ने अभियुक्त की तलाश में सूचनाएं जुटाने के साथ ही लगातार निगरानी और छानबीन की। प्राप्त सूचनाओं तथा पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के आधार पर टीम ने चंडीगढ़ में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए उनके घर की कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी थी। इसके बावजूद प्रदीप गिरफ्तारी से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर उच्चाधिकारियों की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ की इस कार्रवाई के बाद मामले में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

अभियुक्त प्रदीप के विरुद्ध कनखल थाने में मुकदमा संख्या 337/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 201, 120बी और 34 में अभियोग दर्ज है। इन धाराओं में हत्या, साक्ष्य मिटाने, आपराधिक षड्यंत्र और साझा मंशा से किए गए अपराध से संबंधित आरोप शामिल हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप पुत्र बृजपाल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ऊदपुर, झिंझाना, शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है

एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र नौटियाल, हेड कांस्टेबल बृजेन्द्र सिंह चौहान, कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल मोहन असवाल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles