नशा तस्करी पर कार्रवाई नहीं करने वाले थाना प्रभारियों को एसएसपी पौड़ी ने लगाई फटकार

पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की स्पष्ट चेतावनी दी है।
गुरुवार को पुलिस लाइन पौड़ी में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में उन्होंने लंबित विवेचनाओं, नशा तस्करी, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था और आगामी त्योहारी सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से एनडीपीएस मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने वाले थाना प्रभारियों को फटकार लगाई और नशा तस्करों के साथ उनके नेटवर्क पर भी कार्रवाई करने को कहा।
गोष्ठी में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में अपराधों की स्थिति तथा पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखें और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने और गंभीर अपराधों की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। गुमशुदगी के मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने तथा इलेक्ट्रॉनिक प्राथमिकी को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सितंबर माह में प्राप्त 85 शिकायतों में से 56 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 29 शिकायतें लंबित हैं। एसएसपी ने शेष शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन और आमजन को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील मामलों में शीघ्र कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना स्तर पर अभिलेखों और लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा गया।
मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान सितंबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक वेदप्रकाश, विनोद कुमार, राजाराम डोभाल, राजेश असवाल और रणजीत तोमर; अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार, अहसान अली और अनिल कुमार; मुख्य आरक्षी करण यादव, चरण सिंह, हरीशी लिंगवाल, मनोज बमसुआल, संतोष कुमार, पंकज कुमार शर्मा और रोहित वर्मा (संचार); आरक्षी अवनीश राणा, मुकेश आर्या और राकेश गुंसाई तथा फायरमैन ओम प्रकाश शामिल रहे।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी दिव्येश उपाध्याय, अभियोजन अधिकारी जावेद अहमद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।


