पुलिस मुठभेड़ के बाद अवैध असलहों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, आठ तमंचे बरामद
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एसओजी रुद्रपुर और दिनेशपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आठ अवैध देशी तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए एसओजी रुद्रपुर और थाना दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम को 17 अक्टूबर 2026 की तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश से अवैध हथियारों की खेप लेकर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से महतोष-मकरन्दपुर मार्ग होते हुए दिनेशपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। रात करीब दो बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वे मोटरसाइकिल गिराकर गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
लिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से .315 बोर के सात अवैध देशी तमंचे, .32 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, .315 बोर के आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पांच हजार रुपये में खरीदकर आठ हजार में बेचने की थी योजना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बंटी कोली के संपर्क में थे, जो पूर्व में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था और वर्तमान में जेल में बंद है। आरोपियों के मुताबिक, वे ये हथियार उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली गांव निवासी महावीर नामक व्यक्ति से लेकर आए थे। उनकी योजना पांच हजार रुपये प्रति तमंचे की दर से खरीदकर आठ हजार रुपये प्रति तमंचे के हिसाब से बेचने की थी। पुलिस अब अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वालों, संभावित खरीदारों और इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना दिनेशपुर में प्राथमिकी संख्या 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में एसओजी रुद्रपुर के प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह बिष्ट, दिनेशपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार, जयनगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, दिनेशपुर थाने के कांस्टेबल गोविन्द आर्या और एसओजी रुद्रपुर के कांस्टेबल राजेन्द्र कश्यप शामिल रहे।


