बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से बढ़ रही उत्तराखण्ड की पहचान, मसूरी से नैनीताल तक फिल्म निर्माताओं की पसंद बना देवभूमि
देहरादून। उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता, मनोरम पर्वतीय दृश्य, ऐतिहासिक स्थल और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत बड़े फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। प्रदेश में इन दिनों बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग की जा रही है। अभिनेता अक्षय कुमार मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में, जबकि अभिनेत्री जाह्नवी कपूर नैनीताल में शूटिंग कर रही हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखण्ड की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फिल्म निर्माण के लिए अपार संभावनाएं रखता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थलों में स्थापित किया जाए। इसके लिए फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने और स्थानीय प्रतिभाओं को अधिक अवसर देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राज्य सरकार उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के माध्यम से प्रदेश में फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। एकल खिड़की अनुमति व्यवस्था के तहत शूटिंग से संबंधित अनुमतियों को सरल और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सात दिनों के भीतर शूटिंग की अनुमति उपलब्ध कराने की व्यवस्था से फिल्म निर्माताओं को विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने में सुविधा मिलती है।
उत्तराखण्ड में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करती है। फिल्मों के माध्यम से मसूरी, लैंढौर और नैनीताल जैसे पर्यटन स्थलों की खूबसूरती देशभर के दर्शकों तक पहुंच सकती है। इससे भविष्य में इन क्षेत्रों के प्रति पर्यटकों का आकर्षण बढ़ने और स्थानीय कारोबार को लाभ मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद प्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए फिल्म निर्माताओं को सहयोग और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों को गति मिल रही है।


