ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में होगी ऑस्कर विजेता निर्देशक की अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग

देहरादून। उत्तराखण्ड अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में प्रस्तावित है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर इस परियोजना के संबंध में चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ‘क्लोवर’ नाम से प्रस्तावित फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में की जानी है।
इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से बनाई जा रही इस परियोजना के अंतर्गत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में तैयार की जा रही हैं। ‘द बीटल्स–ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ नामक इस फिल्म श्रृंखला को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय फिल्मकर्मियों के साथ स्थानीय तकनीशियनों तथा अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से संबंधित कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ द्वारा किया जा रहा है।
इस परियोजना से स्थानीय युवाओं और तकनीशियनों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही होटल, परिवहन, खान-पान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण दल की मौजूदगी से ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग स्थलों के कारण देश के प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्रों में अपनी पहचान बना रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाएं उत्तराखण्ड में आएं। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। फिल्म निर्माण गतिविधियों के विस्तार से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बीटल्स से ऋषिकेश का ऐतिहासिक जुड़ाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की विश्वभर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान है। विश्वप्रसिद्ध संगीत समूह ‘द बीटल्स’ का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग होने से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल सकती है। साथ ही प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में ब्रिटिश फिल्म निर्माता एवं बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।


