दून पुलिस नेचोरी की घटना का 24 घंटे के अंदर किया खुलासा

देहरादून। क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र में बंद मकान में चोरी और तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 29 वर्षीय आरोपी मोहम्मद अंसार को आशारोड़ी जंगल के पास एक खंडहर से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को हरपाल सिंह ठाकुर पुत्र ज्योति राम निवासी सी-13, टर्नर रोड, क्लेमेंट टाउन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके मकान मालिक के बंद मकान से अज्ञात चोर इनवर्टर, बैटरी, गीजर, स्टेबलाइजर, टोटियां और बाथरूम मिक्सर चोरी कर ले गया। चोर ने मकान में तोड़फोड़ भी की थी। शिकायत के आधार पर थाना क्लेमेंट टाउन में मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 324(1) में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने थानाध्यक्ष क्लेमेंट टाउन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सुरागरसी और पतारसी करते हुए संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई तथा पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों का सत्यापन किया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 17 अक्टूबर 2026 को आशारोड़ी जंगल के पास स्थित एक खंडहर में दबिश दी गई। यहां से चोरी की घटना को अंजाम देने के आरोपी मोहम्मद अंसार पुत्र मोहम्मद आदिल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसके पास पैसों की कमी थी। इसी कारण उसने रात के समय बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रैंक कंपनी का एक स्टेबलाइजर, माइक्रोटेक कंपनी का एक इनवर्टर, गीजर की तांबे की दो टंकियां, छोटी-बड़ी 16 टोटियां और माइक्रोटेक कंपनी की एक इनवर्टर बैटरी बरामद की है।
कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रताप राही, सहायक उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह, आरक्षी पवन कुमार और आरक्षी असजद अली शामिल रहे।


