बाजपुर से चोरी हुई जेसीबी मशीन उत्तर प्रदेश के बहजोई से बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

ऊधमसिंह नगर। बाजपुर में शान-ए-पंजाब होटल के सामने से चोरी हुई जेसीबी मशीन को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बहजोई क्षेत्र से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के निवासी 34 वर्षीय यूनिस उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चोरी की गई जेसीबी मशीन को सात लाख रुपये में बेचने की योजना थी। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को दिलशाद पुत्र अनवार हुसैन निवासी मोहल्ला टांडा बंजारा, सुल्तानपुर पट्टी, थाना बाजपुर ने कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी जेसीबी मशीन संख्या UK18CA-4838 को उनके साझेदार एवं चालक राशिद अली ने पांच अक्टूबर को काम समाप्त होने के बाद बाजपुर के मुंडिया पिस्तौर स्थित शान-ए-पंजाब होटल के सामने खड़ा किया था। सात अक्टूबर की सुबह जब राशिद अली मशीन लेने पहुंचे तो जेसीबी मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी मशीन का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने 11 अक्टूबर को अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीमों को शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीम ने लगातार एक सप्ताह तक घटनास्थल से उत्तर प्रदेश की सीमा तक पड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों, चौराहों और टोल प्लाजा पर लगे 1200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से जेसीबी के उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल सर्विलांस की मदद ली और स्थानीय मुखबिरों, ढाबा संचालकों तथा राजमार्ग किनारे दुकानदारों से पूछताछ की। विभिन्न सुरागों को जोड़कर पुलिस ने जेसीबी की आवाजाही का मार्ग चिह्नित किया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बहजोई क्षेत्र से यूनिस उर्फ सोनू पुत्र हमीद खान, निवासी खिरारी, थाना राया, जिला मथुरा को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई जेसीबी मशीन संख्या UK18CA-4838 बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, आरोपी ने जेसीबी का सौदा बाजपुर निवासी पप्पू, रंजीत, शहनवाज, प्रशान्त और अंशु के साथ सात लाख रुपये में तय होने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, उक्त लोगों द्वारा जेसीबी को बाजपुर से चोरी कर बुलंदशहर तक ले जाया गया था। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जसविन्दर सिंह, उपनिरीक्षक कैलाश नगरकोटी (विवेचक), उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह मेहता, उपनिरीक्षक संदीप शर्मा, मुख्य आरक्षी नरेन्द्र सिंह बिष्ट, मुख्य आरक्षी जगवीर सिंह, आरक्षी अमित जोशी, त्रिभुवन पडालिया, जरनैल सिंह, मोहम्मद इरफान, बलवन्त सिंह तथा एसओजी काशीपुर के आरक्षी कैलाश तोमक्याल शामिल रहे।


