HTML tutorial
HTML tutorial

हरिद्वार में पत्रकार के घर से चार लाख रुपये चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1.20 लाख रुपये बरामद

हरिद्वार में पत्रकार के घर से चार लाख रुपये चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1.20 लाख रुपये बरामद
Spread the love

हरिद्वार। श्रवणनाथ नगर निवासी पत्रकार गोपाल रावत के घर से चार लाख रुपये चोरी करने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खर्च होने के बाद बची एक लाख 20 हजार रुपये की धनराशि बरामद की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, सात अक्टूबर 2026 को पत्रकार गोपाल रावत निवासी श्रवणनाथ नगर, हरिद्वार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर चार लाख रुपये चोरी कर ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 555/2026, धारा 305(क) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने चोरी की रकम बरामद करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए हरिद्वार शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल निगरानी तथा सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से आरोपी की तलाश की गई।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को दविंदर नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की रकम में से बची एक लाख 20 हजार रुपये की धनराशि बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह हेरोइन और स्मैक के नशे का आदी है तथा नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करता है। आरोपी के अनुसार, श्रवणनाथ नगर स्थित घर से बड़ी रकम हाथ लगने के बाद वह दिल्ली और हिमाचल प्रदेश गया, जहां उसने नशे और वेश्यावृत्ति पर रुपये खर्च किए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दविंदर पुत्र किशोर, निवासी मोहल्ला वार्ड संख्या-7, जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से बची एक लाख 20 हजार रुपये की धनराशि बरामद की है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव राणा, कांस्टेबल अमित भट्ट और कांस्टेबल हरीश रतूड़ी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles