एडीजी वी. मुरुगेशन ने भगवानपुर में लगाया जनता दरबार, महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

हरिद्वार। अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने शुक्रवार को भगवानपुर में जनता दरबार आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
जनता दरबार में डॉ. मुरुगेशन ने उपस्थित लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी नवनीत सिंह ने उन्हें दर्ज मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में एडीजी डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नशे की लत के कारण बढ़ रहे अपराधों पर चिंता जताते हुए आमजन को सतर्क रहने की अपील की। साथ ही नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।
झबरेड़ा क्षेत्र में स्कूल-कॉलेजों के बाहर दोपहिया और भारी वाहनों को लापरवाही से चलाने तथा तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने की शिकायत पर एडीजी ने कड़ा रुख अपनाया। एक ग्रामीण की ओर से मिली शिकायत का संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को मामले को गंभीरता से लेने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
एडीजी ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा घरों और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम और अपराधों की जांच में सहायता मिल सकती है।
जनता दरबार में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर, क्षेत्राधिकारी रुड़की तथा हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।


