देहरादून में किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला समेत चार गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में किराये के मकान में संचालित अनैतिक देह व्यापार के धंधे का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की संस्कृति लोक कॉलोनी में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने कथित रूप से देह व्यापार संचालित करने वाली महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और देह व्यापार से अर्जित 3,500 रुपये नकद बरामद किए। आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि संस्कृति लोक कॉलोनी की गली नंबर एक स्थित एक मकान में किराये का कमरा लेकर अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गठित कर संबंधित मकान में छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान मकान के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। तलाशी के दौरान मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने कथित रूप से देह व्यापार संचालित करने वाली महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार महिला अजमीरा ने मकान किराये पर लिया था और वहां बाहरी जनपदों तथा राज्यों से महिलाओं को बुलाकर कथित रूप से देह व्यापार संचालित कर रही थी। आरोप है कि वह मोबाइल फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी और व्हाट्सएप पर महिलाओं की तस्वीरें भेजती थी। ग्राहकों की पसंद और मांग के अनुसार महिलाओं को बुलाकर किराये के कमरे में अनैतिक देह व्यापार कराया जाता था।
पुलिस ने अजमीरा (42 वर्ष), निवासी संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून; शेख अजीजल (30 वर्ष), निवासी संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून; रजनी (25 वर्ष), निवासी खेड़ा कैंप, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर; तथा अन्नू (23 वर्ष), निवासी डेंसो चौक, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक नरेश राठौड़, प्रभारी कोतवाली पटेलनगर; वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी; उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी; महिला उपनिरीक्षक शिखा; कांस्टेबल पंकज और महिला कांस्टेबल किरण शामिल रहे।


