टिहरी पुलिस ने 220 ग्राम चरस के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार, कार जब्त

टिहरी । जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस ने एक युवक को 220 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चरस के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही वरना कार को भी जब्त कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में यह कार्रवाई चंबा कोतवाली पुलिस ने नागणी चौकी क्षेत्र में की।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और क्षेत्राधिकारी चंबा के निर्देशन में 23 अक्टूबर को पुलिस टीम क्षेत्र में सुरागरसी और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नागणी चौकी क्षेत्र से आकाश पाल (28 वर्ष), पुत्र मेघपाल, निवासी रेशम माजरी, वार्ड नंबर-12, डोईवाला, जनपद देहरादून को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 220 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त वरना कार संख्या यूके07 डीटी 3200 को भी जब्त किया है। बरामदगी के आधार पर कोतवाली चंबा में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 40/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में अभियोग दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा, उपनिरीक्षक दीपक लिंगवाल, उपनिरीक्षक रवि कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष सिंह और कांस्टेबल रामचंद्र शामिल रहे।


