ऊधम सिंह नगर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पांच गिरफ्तार 94 लीटर कच्ची शराब बरामद, 13,500 लीटर लहन नष्ट और तीन अवैध भट्टियां ध्वस्त

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपदभर में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान ट्रांजिट कैंप, काशीपुर, खटीमा, गदरपुर और केलाखेड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कुल 94 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करने के साथ करीब 13,500 लीटर लहन नष्ट किया और तीन अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त किया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली ट्रांजिट कैंप की टीम ने पीलीकोठी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए राजा पुत्र राकेश निवासी पक्का खेड़ा, वार्ड नंबर 19, रुद्रपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 73 पाउच में करीब 24 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी संख्या 340/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) में मुकदमा दर्ज किया गया।
कोतवाली काशीपुर पुलिस ने ग्राम रम्पुरा में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर दबिश दी। यहां करीब 3,500 लीटर लहन नष्ट किया गया और 60 लीटर अवैध कच्ची शराब सहित शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। पुलिस कार्रवाई के दौरान रजत सिंह उर्फ बूटा सिंह और राज सिंह, दोनों निवासी ग्राम रम्पुरा, फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कोतवाली खटीमा की सत्रहमील-मझौला चौकी पुलिस ने मझौला गांव में श्मशान घाट रोड स्थित पुलिया के पास चेकिंग के दौरान तीरथ राज सिंह पुत्र दलजीत सिंह निवासी रुद्रपुर, हाल निवासी मझौला, खटीमा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 40 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
कोतवाली गदरपुर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में वीर सिंह पुत्र नेत्रपाल सिंह निवासी कोपा कृपाली, गूलरभोज को 20 लीटर और लवजीत सिंह पुत्र मुख्यियार सिंह निवासी सिकरौरा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी पंजाबी ढाबा, महतोष को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत प्राथमिकी संख्या 220/2026 और 221/2026 दर्ज की गई।
थाना केलाखेड़ा पुलिस ने चेकिंग के दौरान निर्मल सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी सुंदरनगर, थाना नानकमत्ता, हाल निवासी ग्राम सरकड़ी, थाना केलाखेड़ा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक प्लास्टिक के जरीकेन में 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
इसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बेरिया दौलत के अंतर्गत ग्राम तोता बेरिया में खेतों के बीच संचालित अवैध शराब निर्माण के ठिकाने पर भी कार्रवाई की। मौके पर बनाई गई तीन अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए और करीब 10,000 लीटर लहन नष्ट किया गया। पुलिस अवैध शराब निर्माण में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।


