HTML tutorial
HTML tutorial

देहरादून में 1 नवंबर को इंडिया खेलो फुटबॉल के राष्ट्रीय ट्रायल, बालक-बालिकाओं को मिलेगा मौका

देहरादून में 1 नवंबर को इंडिया खेलो फुटबॉल के राष्ट्रीय ट्रायल, बालक-बालिकाओं को मिलेगा मौका
Spread the love

देहरादून। देहरादून फुटबॉल एकेडमी (डीएफए) के संस्थापक अध्यक्ष एवं मुख्य प्रशिक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इंडिया खेलो फुटबॉल के छठे सत्र के अंतर्गत उत्तर क्षेत्रीय राष्ट्रीय चयन ट्रायल का आयोजन 1 नवंबर 2026 को देहरादून में किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और पेशेवर फुटबॉल में करियर बनाने के अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि ट्रायल डीएफए ग्राउंड, भागीरथी एन्क्लेव, गूलर घाटी के पास, देहरादून में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगा। इसमें वर्ष 2009 से 2016 के बीच जन्मे बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9319895526 पर संपर्क किया जा सकता है।

डॉ. रावत के अनुसार, ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाले उत्तर क्षेत्रीय राष्ट्रीय चयन चरण में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद अगले चरण के लिए चयनित खिलाड़ियों को जनवरी 2027 में मुंबई में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिल सकता है।

उन्होंने बताया कि इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों को देश के प्रतिष्ठित पेशेवर फुटबॉल क्लबों और संस्थानों के समक्ष अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकता है। इनमें आई-लीग और इंडियन सुपर लीग से जुड़े क्लबों के साथ मोहन बागान, ईस्ट बंगाल और टाटा फुटबॉल एकेडमी जैसे संस्थान शामिल हैं। अंतिम चयन संबंधित क्लबों और आयोजकों के निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा।

डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इससे पहले भी इंडिया खेलो फुटबॉल के ट्रायल के माध्यम से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। उन्होंने प्रदेश के प्रतिभाशाली बालक एवं बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में ट्रायल में प्रतिभाग करें।

डॉ. रावत पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं रेफरी, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक और राज्य आंदोलनकारी हैं। वह उत्तराखंड में फुटबॉल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहे हैं।

देवभूमि खबर

Related articles