आईजी निलेश आनंद भरणे और राजीव स्वरूप ने विधानसभा सत्र की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस बल को दिए निर्देश

चमोली। भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। सत्र के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न सुरक्षा स्थलों, प्रवेश द्वारों, बैरियरों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों के तहत पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. निलेश आनंद भरणे और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने विधानसभा सत्र ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने सभी कार्मिकों को सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ब्रीफिंग में विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों और वैध प्रवेश पत्रधारकों को ही प्रवेश देने के निर्देश दिए गए। बैरियर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को जुलूस, धरना-प्रदर्शन और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति के दौरान सतर्क रहने तथा सुरक्षा घेरे में अनधिकृत प्रवेश रोकने को कहा गया।
अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रभारी अधिकारी को देने के निर्देश दिए। विशिष्ट महानुभावों की सुरक्षा और निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने भी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सत्र की सुरक्षा के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के छह, पुलिस उपाधीक्षक के 20, प्रभारी निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के 54, उपनिरीक्षकों के 43, महिला उपनिरीक्षकों के 35, अपर उपनिरीक्षकों के 52, मुख्य आरक्षी एवं आरक्षियों के 460, महिला आरक्षियों के 67, यातायात पुलिस के 26 और सशस्त्र पुलिस के 153 कार्मिक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 120 होमगार्ड भी ड्यूटी पर रहेंगे। पीएसी, आतंकवाद निरोधक दस्ते, एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ते और हॉक टीम के कार्मिक भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेंगे।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय, 46वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक पंकज भट्ट और पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ प्रह्लाद कोंडे ने भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चमोली पुलिस के अनुसार, विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा, सतर्कता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस बल आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ सत्र के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन के लिए तैनात रहेगा।


