दीपावली से पहले हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 13 खाद्य नमूने जांच को भेजे

हरिद्वार। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से कुल 13 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों और आवश्यक नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित कारोबारियों एवं प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर चलाए गए अभियान के तहत 28 अक्टूबर को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने भेड़पुर चौराहा, भगवानपुर और सिडकुल क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों, मिठाई के वाहनों तथा दूध के वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान खुले दूध के चार और गजक मिठाई के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।
निरीक्षण के दौरान भगवानपुर स्थित गजक निर्माता कंपनी वैश्य इंटरप्राइजेज के इनवॉइस पर अनिवार्य खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) लाइसेंस नंबर अंकित नहीं मिला। गजक के पैकेट पर बैच नंबर सहित अन्य आवश्यक लेबल संबंधी नियमों का पालन नहीं किए जाने पर कंपनी को नोटिस जारी किया गया। एक दूध वाहन मालिक द्वारा मौके पर खाद्य कारोबार का लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर भी नोटिस दिया गया। इसके अलावा दो वाहनों में तापमान नियंत्रित रखने की उचित व्यवस्था के बिना दूध का विक्रय किए जाने पर कार्रवाई की गई।
विभागीय टीम ने सिडकुल स्थित रिलायंस स्टोर्स के वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां पेड़ा मिठाई के दो नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान चिलर पैड गंदे पाए गए और बक्सों के ऊपर तथा अंदर धूल जमा मिली। सफाई एवं सैनिटाइजेशन में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक और अन्य रसायन, एक्सपायरी के करीब पहुंच रहे उत्पादों तथा स्वीकृत उत्पादों के भंडारण क्षेत्रों के बीच रखे मिले। सामान की आवाजाही करने वाले वाहनों की सफाई से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध नहीं थे। इन अनियमितताओं को देखते हुए वितरण केंद्र को सुधार के लिए नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई।
इसी अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा एवं कपिल देव की टीम ने पुलिस के साथ नारसन पुलिस चेकपोस्ट पर बाहरी राज्यों से उत्तराखंड लाए जा रहे खाद्य एवं पेय पदार्थों के वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान दूध, पनीर, मावा और मावा बर्फी सहित चार खाद्य नमूने लिए गए।
वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने नगर निगम क्षेत्र हरिद्वार में विभिन्न मिठाई विक्रेता प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि तथा उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करने संबंधी निर्देशों के अनुपालन की जांच की गई। मिठाई निर्माण करने वाले कारखानों का भी निरीक्षण किया गया, जहां एक कारखाने से पेड़े का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


