ईडी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी सफलता, पांच दोषियों को तीन-तीन साल की सजा

लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लखनऊ जोनल कार्यालय ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में पांच आरोपियों को दोषी करार दिलाने में सफलता हासिल की है। गाजियाबाद की विशेष अदालत ने 3 नवंबर 2026 को केस संख्या 5/23 में फैसला सुनाते हुए वी.एन. माथुर, राजीव कुमार, अरविंद चौधरी, अंकित चौधरी और प्रमोद कुमार को दोषी ठहराया।
अदालत ने सभी पांच दोषियों को तीन-तीन वर्ष के कठोर कारावास और 50-50 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा नहीं करने पर तीन महीने के अतिरिक्त साधारण कारावास का प्रावधान किया गया है। सभी को पीएमएलए की धारा 3 के तहत धनशोधन का दोषी पाया गया, जिसके लिए धारा 4 में सजा निर्धारित है।
ईडी की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, गाजियाबाद द्वारा सिंडिकेट बैंक के मुख्य सतर्कता अधिकारी की शिकायत पर दर्ज दो प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी। मूल अपराध के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक वी.एन. माथुर को भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत दोषी ठहराया था, जबकि राजीव कुमार और प्रमोद कुमार को बरी कर दिया था।
ईडी के अनुसार, इस मामले में खास बात यह है कि मूल अपराध में बरी किए गए राजीव कुमार और प्रमोद कुमार को भी ईडी द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों एवं दस्तावेजों के मूल्यांकन के बाद मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध में दोषी ठहराया गया है।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2006-07 के दौरान सिंडिकेट बैंक की गजरौला शाखा के तत्कालीन प्रबंधक वी.एन. माथुर ने स्वर्गीय नरेंद्र सिंह, अरविंद चौधरी और अन्य लोगों के साथ आपराधिक साजिश रची थी। इसके तहत फर्जी विक्रय विलेख, अस्तित्वहीन संपत्तियों, झूठे भारमुक्ति प्रमाणपत्रों और गलत मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों, उनकी फर्मों एवं सहयोगियों को ऋण और ओवरड्राफ्ट की स्वीकृति दी गई।
ईडी की जांच में यह भी पता चला कि ऋण के रूप में प्राप्त धनराशि का उपयोग स्वीकृत उद्देश्यों के बजाय नकद निकासी और विभिन्न बचत खातों एवं डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से धन के हस्तांतरण में किया गया। इस प्रक्रिया के जरिए धन के अवैध स्रोत को छिपाने का प्रयास किया गया। बाद में इस धनराशि से अचल संपत्तियां खरीदी गईं, जिनमें जनपद जेपी नगर के अलीपुर स्थित एक भूखंड और देहरादून का एक भूखंड शामिल है।
ईडी के मुताबिक आरोपियों ने अपराध से अर्जित धन को जानबूझकर प्राप्त करने, अपने कब्जे में रखने, इस्तेमाल करने और छिपाने के साथ उसे वैध संपत्ति के रूप में प्रस्तुत किया। इसी आधार पर उनके विरुद्ध पीएमएलए के तहत धनशोधन का अपराध साबित हुआ।


