नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से किया सम्मानित

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्योत्सव समारोह के अंतर्गत शुक्रवार को परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की दो प्रमुख सांस्कृतिक विभूतियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया।
उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 एवं 2025 के लिए चयनित दोनों कलाकारों को उत्तराखण्डी सिनेमा, लोकसंस्कृति और कला जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। दोनों को ₹2-₹2 लाख की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
वर्ष 2024 के लिए लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। उन्होंने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और जनभावनाओं को अभिव्यक्ति दी है। उनके गीतों ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वहीं, वर्ष 2025 के लिए अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने अपने अभिनय कौशल से भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन जगत में अलग पहचान बनाई है और उत्तराखण्ड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा और कला जगत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फिल्म पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर नई पीढ़ी को भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।


