HTML tutorial
HTML tutorial

अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी ने ₹1475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी ने ₹1475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
Spread the love

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में उत्तराखण्ड राज्योत्सव के अंतर्गत ₹1475.31 करोड़ की लागत वाली 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹1073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

ऊर्जा विभाग के अंतर्गत यूपीसीएल की ₹472.33 करोड़ की 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹77.93 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनसे प्रदेश में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने और बिजली से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी।

पेयजल क्षेत्र में पेयजल निगम की ₹191.17 करोड़ की आठ योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹82.03 करोड़ की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, जल संस्थान की ₹62.30 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं से विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी।

लोक निर्माण विभाग की ₹18.78 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास और ₹99.68 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। शहरी विकास विभाग की ₹92.25 करोड़ की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹10.95 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण हुआ। इनमें आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत हरिद्वार में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

तकनीकी शिक्षा विभाग की ₹35.06 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास तथा ₹61.98 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक के भवन निर्माण से संबंधित कार्य भी शामिल हैं। पर्यटन विभाग की ₹43.70 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुण्ड साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति संबंधी कार्य शामिल हैं।

गृह विभाग की ₹68.27 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसके अंतर्गत देहरादून में ₹31.63 करोड़ की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र तथा हल्द्वानी में ₹36.64 करोड़ की लागत से अग्निशमन केंद्र के आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा। डेयरी विकास विभाग की ₹48.21 करोड़ की योजना के तहत सितारगंज में मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी इकाई स्थापित की जाएगी।

उच्च शिक्षा विभाग की ₹19.01 करोड़ की लागत से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में पीजी ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। आवास विभाग की ₹10.59 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास और ₹12.48 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की ₹11.44 करोड़ की योजना का शिलान्यास तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की ₹57.15 करोड़ की दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

इन विकास योजनाओं से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों, रोजगार और विकास की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा। सरकार का उद्देश्य विकास परियोजनाओं के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और प्रदेश के समग्र विकास को गति देना है।

देवभूमि खबर

Related articles