नैनीताल के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान

संवाददाता: ललित जोशी
नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना के राज्योत्सव समारोह के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की।
डॉ. तिवारी को यह प्रतिष्ठित सम्मान पत्रकारिता, हिंदी लेखन और अध्यापन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। उन्होंने पत्रकारिता और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ ही शोध एवं साहित्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भारत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट, अनिल बलूनी, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में उनकी पुस्तक ‘अतीत से वर्तमान तक : नैनीताल का सफर और गॉथिक राजभवन के निर्माण की अद्भुत गाथा’ के लिए प्रतिष्ठित राजभाषा गौरव सम्मान प्रदान किया गया था। देशभर के 13 लेखकों को यह सम्मान मिला था। उत्तराखंड से यह सम्मान प्राप्त करने वाले वह एकमात्र लेखक थे।
हिंदी लेखन, पत्रकारिता और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए डॉ. तिवारी को अमेरिका, हंगरी और मॉरीशस स्थित भारतीय दूतावासों के साथ ही थाईलैंड और सिंगापुर की प्रतिष्ठित संस्थाओं एवं विश्वविद्यालयों द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
पत्रकारिता विषय पर उनकी तीन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें से एक पुस्तक का विमोचन मॉरीशस के राष्ट्रपति ने वहां स्थित राष्ट्रपति भवन में किया था। इसके अतिरिक्त उनके दो दर्जन से अधिक शोधपत्र और एक हजार से ज्यादा लेख प्रकाशित हो चुके हैं।
डॉ. तिवारी को उत्तराखंड रत्न, राज्य सूचना आयोग का आरटीआई अवार्ड और अंतरराष्ट्रीय भारत सम्मान अचीवर्स अवार्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उत्तराखंड गौरव सम्मान मिलने से नैनीताल सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


