HTML tutorial
HTML tutorial

अंकिता भंडारी के माता-पिता की गिरफ्तारी के विरोध में आप का प्रदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला फूंका

अंकिता भंडारी के माता-पिता की गिरफ्तारी के विरोध में आप का प्रदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला फूंका
Spread the love

देहरादून। अंकिता भंडारी के माता-पिता की दिल्ली में हुई गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला छीनकर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बाद कार्यकर्ताओं ने दोबारा एक पुतला तैयार कर तहसील चौक पर उसका दहन किया।

प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी के माता-पिता की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग कर रहे माता-पिता के साथ इस तरह की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि न्याय की मांग कर रहे पीड़ित परिवार की आवाज को दबाने के बजाय उनकी बात क्यों नहीं सुनी जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब पुलिस ने पुतला दहन से पहले ही कार्यकर्ताओं से पुतला छीन लिया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया सहित प्रदर्शन में शामिल आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जारी रखा और तहसील चौक पर दोबारा पुतला दहन किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड की बेटी थी और उसके माता-पिता को अपनी बेटी के लिए न्याय मांगने का पूरा अधिकार है। न्याय की मांग कर रहे माता-पिता की गिरफ्तारी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस कार्रवाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा का भरोसा दिलाने की है, न कि उनकी आवाज दबाने की। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि जब तक अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग को गंभीरता से नहीं सुना जाता, तब तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा।

प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles