एक माह की तलाश के बाद पांच वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली भाग गया था दरिंदा

हरिद्वार। कलियर क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने एक माह की कड़ी मशक्कत के बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने के बाद दिल्ली फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट और चीज दिलाने का लालच देकर अपने झांसे में लिया था और उसे सुनसान खंडहर में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को मोतीचूर, बहराइच (उत्तर प्रदेश) निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कलियर में तहरीर देकर बताया कि 6 अक्टूबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पांच वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 246/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पांच वर्षीय बच्ची के साथ हुई गंभीर घटना को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मामले के शीघ्र खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक कलियर कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। उन्होंने जांच की प्रगति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए संदिग्धों के फोटो और नाम के आधार पर सत्यापन किया। आरोपी की तलाश में कलियर दरगाह परिसर, कलियर-रुड़की मार्ग, रुड़की बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बाजार क्षेत्र में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके बावजूद जब आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर उसका स्केच तैयार कराया। इसके बाद तलाश और तेज कर दी गई।
लगातार प्रयासों के बाद 5 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने अब्दाल साहब रोड से इमलीखेड़ा जाने वाले मार्ग पर कलियर से करीब दो किलोमीटर आगे पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक माह पहले उसने कलियर टीन शेड के पास बच्ची को अकेले देखा था। इसके बाद उसे चीज दिलाने का लालच देकर बहलाया और कलियर स्थित पीएनबी बैंक के पास एक खंडहर में ले गया। वहां बारिश रुकने के बाद चीज दिलाने का भरोसा देकर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और किसी को घटना के बारे में न बताने की धमकी दी। बच्ची के बेहोश होने पर आरोपी उसे वहां छोड़कर चला गया। पकड़े जाने के डर से उसने अगली सुबह अपनी झोपड़ी उखाड़ दी और दिल्ली फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिकंदर उर्फ जमीं खां (35 वर्ष) पुत्र जकी खां, निवासी पुराना रामपुर रोड, शाहबाद, थाना शाहबाद, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में हज कमेटी के पास झुग्गी-झोपड़ी, कलियर, हरिद्वार में रह रहा था।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, महिला उपनिरीक्षक एकता ममगाईं, अपर उपनिरीक्षक सूरज नेगी, कुंदन रावत और रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, माजिद खान, इसरार अली, रविंद्र बालियान, जमशेद अली और अमित कुमार तथा कांस्टेबल विक्रम चौहान शामिल रहे। इसके अलावा सीआईयू रुड़की के हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी तथा कांस्टेबल महिपाल सिंह और रविंद्र खत्री ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


