कुंभ-2027 की सुरक्षा के लिए पुलिस का मेगा प्लान तैयार, आतंकवाद से लेकर साइबर खतरों तक पर रहेगी नजर

हरिद्वार।कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आतंकवाद निरोधक उपायों और साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। मेला क्षेत्र की निगरानी अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन और एंटी-ड्रोन प्रणाली को समयबद्ध तरीके से क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए हैं।

मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन और अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुंभ मेले की सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (हरिद्वार) नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। पुलिस महानिरीक्षक (कुंभ मेला) योगेन्द्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों ने भी अपने दायित्वों और तैयारियों से संबंधित सुझाव रखे।
प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान संभावित भारी भीड़ के प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन, पैदल यात्रियों के मार्ग परिवर्तन, होल्डिंग एरिया, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, वॉच टावर तथा बम निरोधक दस्ते के माध्यम से एंटी-सबोटाज जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
संभावित आतंकी गतिविधियों और अन्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए एटीएस, एसटीएफ और अभिसूचना इकाइयों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। संगठित अपराध, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
कुंभ के दौरान सोशल मीडिया और डिजिटल मंचों पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाएगा। साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम के साथ आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। आईसीसीसी, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन, एंटी-ड्रोन प्रणाली और सोशल मीडिया निगरानी प्रकोष्ठ को समय से स्थापित कर प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पार्किंग स्थलों, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक यातायात मार्गों और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर व्यवस्था की समीक्षा की गई। अवरोध की आशंका वाले स्थलों को चिह्नित कर वहां प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया। रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, ट्रेनों के नियमन, जीआरपी की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी के साथ अग्निशमन उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई।
कुंभ मेले के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन कर समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के समन्वय, प्रशिक्षण, आवास, भोजन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा वाहनों, उपकरणों और बजट से जुड़ी कार्यवाही में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। पुलिस लाइन ऋषिकुल, प्रमुख स्नान घाटों, हरकी पैड़ी, अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों, पुलिस थानों एवं चौकियों, फायर स्टेशनों, हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित इकाइयों को आवश्यक सुधार करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा, कृष्ण कुमार वी.के., नीलेश आनंद भरणे, अनन्त शंकर ताकवाले, राजीव स्वरूप, सुनील मीणा, योगेन्द्र सिंह रावत और बरिन्दरजीत सिंह सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह, हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, कुंभ मेला आयुष अग्रवाल और अभिसूचना मणिकांत मिश्रा सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। देहरादून, पौड़ी और टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने जनपदों की तैयारियों की जानकारी दी।


