पॉलिटेक्निक के युवाओं के लिए खुला रोजगार का रास्ता, 1,429 ने किया प्रतिभाग,55 कंपनियों ने किया चयन

श्रीनगर । प्रदेश के तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित वृहद रोजगार मेले में सैकड़ों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान श्रीनगर में आयोजित इस मेले में गढ़वाल मंडल के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के 1,429 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मेले में देश की 55 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न पदों के लिए युवाओं की चयन प्रक्रिया संपन्न की। कंपनियों से नौकरी के प्रस्ताव मिलने पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से रोजगार मेले में प्रतिभाग किया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। तकनीकी शिक्षा विभाग रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को उद्योग जगत से सीधे जुड़ने, अपनी तकनीकी दक्षता प्रदर्शित करने और रोजगार की संभावनाओं को साकार करने का अवसर देते हैं। उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप युवाओं का कौशल विकास करने और उन्हें रोजगार से जोड़ने में भी रोजगार मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज ने छात्र-छात्राओं को उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और कंपनियों की चयन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल में निरंतर वृद्धि करने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
रोजगार मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और कार्यक्षमता के आधार पर साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया पूरी की गई। एक ही मंच पर विभिन्न औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्रों की कंपनियों की भागीदारी से विद्यार्थियों को रोजगार के विविध अवसरों के साथ ही उद्योग जगत की अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिला।
रोजगार मेले के प्रभारी उप निदेशक एस.के. वर्मा एवं राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर के प्रधानाचार्य सचिन कुमार शर्मा ने अतिथियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल शाह ने किया।
इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष विजय कपरवान, भाजपा पौड़ी जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश पांडेय, सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ. राजेश उपाध्याय, उप निदेशक एम.के. कन्याल, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


