स्व. रमेश कुमार वर्मा की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 16 यूनिट रक्त एकत्रित

रणजीत सिंह वर्मा चेरिटेबल ट्रस्ट की पहल, समाजसेवी मोहन सिंह खत्री ने युवाओं से नियमित रक्तदान की अपील की
देहरादून। समाजसेवी स्व. रमेश कुमार वर्मा की सातवीं पुण्यतिथि पर रणजीत सिंह वर्मा चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान कर स्व. वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कुल 16 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्व. रमेश कुमार वर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक योगदान और जनसेवा के कार्यों को याद किया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। इससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है और किसी जरूरतमंद की जान बचाना ही स्व. वर्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम संयोजक, रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष, उत्तराखंड बाल कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी मोहन सिंह खत्री ने कहा कि स्व. रमेश कुमार वर्मा आजीवन समाजसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए समर्पित रहे। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की टीम की देखरेख में रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया। चिकित्सा स्टाफ ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में रक्तदान करने वालों में सतेंद्र सिंह भंडारी, अमित खत्री, जॉनी कुमारी, दीपक पंवार, निकांश देसाई, राजेंद्र सिंह मखलोगा, मोहम्मद अब्दुल रहमान, कौशल, विजेंद्र, शोएब, दिनेश कुमार, सात्विक चौहान एवं निजामुद्दीन सहित अन्य लोग शामिल रहे।


