HTML tutorial
HTML tutorial

एक ही रात में कई शराब की दुकानों में चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, मुख्य सरगना गिरफ्तार

एक ही रात में कई शराब की दुकानों में चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, मुख्य सरगना गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में एक ही रात में कई शराब की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलभट्टा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य षड्यंत्रकारी खुश मोहम्मद उर्फ खुशी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई मारुति सुजुकी बलेनो कार और लगभग चार हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को पुलभट्टा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के लाइसेंसधारी मुन्ना सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि रात के समय अज्ञात चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 183/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान सामने आया कि 31 अक्टूबर की रात गिरोह ने सितारगंज, पुलभट्टा, किच्छा, ट्रांजिट कैंप और रुद्रपुर क्षेत्र में स्थित शराब की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। घटनाओं के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।

पुलिस टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सभी घटनाओं में एक ही गिरोह की संलिप्तता सामने आई। जांच में पता चला कि आरोपी वारदातों को अंजाम देने के लिए मारुति सुजुकी बलेनो कार का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी गिरोह द्वारा हल्द्वानी में भी दुकान में चोरी की घटना किए जाने की जानकारी मिली।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के फोटो तैयार कर आसपास के जनपदों और उत्तर प्रदेश में भेजे गए। जांच में आरोपियों के गाजियाबाद का निवासी होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना हुई। संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी खुश मोहम्मद उर्फ खुशी पुत्र स्वर्गीय सुख उर्फ जरीफ निवासी ग्राम भोजपुर, थाना भोजपुर, जिला गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार और करीब चार हजार रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब की दुकानों में चोरी की घटनाओं को उसके भाई आस मोहम्मद उर्फ आंसू और उनके साथी कार्तिक शर्मा पुत्र प्रमोद शर्मा तथा अतुल त्यागी पुत्र सुरेंद्र त्यागी, निवासी गाजियाबाद ने अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई को उप निरीक्षक ओमप्रकाश नेगी के नेतृत्व में थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

देवभूमि खबर

Related articles