HTML tutorial
HTML tutorial

नितेश जौहरी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार

नितेश जौहरी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में हुए नितेश उर्फ राज जौहरी हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी विकास कुमार को घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर थाना पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल और वारदात के समय पहनी गई टी-शर्ट भी बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और जांच के आधार पर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। इसके बाद जिला चिकित्सालय रुद्रपुर परिसर में दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट और हमला हुआ। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना में दिनेश जौहरी और कमलेश कुमार भी घायल हुए थे।

 

इस मामले में वादी दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा संख्या 231/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2), 118(1), 190, 191(1) और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया।

           घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया। मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी विकास कुमार को इज्जतनगर रेलवे स्टेशन, बरेली के प्लेटफार्म संख्या चार से गिरफ्तार किया गया। उसे बरेली से लाते समय थाना पुलभट्टा क्षेत्र में यश पेट्रोल पंप के समीप उसने पुलिस गिरफ्त से भागने का प्रयास किया। पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

वहीं, 14 नवंबर की देर शाम चौकी प्रभारी सिडकुल उपनिरीक्षक हेमंत सिंह कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसओजी ने लुमिनस फैक्ट्री के निकट निर्माणाधीन देवभूमि कॉलोनी के पगडंडी मार्ग पर घेराबंदी कर अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आकाश कुमार (31 वर्ष), विकास कुमार (33 वर्ष), विनोद कुमार (53 वर्ष), अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी जगतपुरा, हरी/हैरी मेडिकल स्टोर के निकट, वार्ड संख्या पांच, थाना ट्रांजिट कैंप, जनपद ऊधम सिंह नगर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने 14 नवंबर को मुख्य आरोपी विकास कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल और टी-शर्ट बरामद की। पुलिस इन साक्ष्यों को विवेचना में शामिल कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से तीन को 14 दिन का न्यायिक रिमांड मिलने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष दो आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर विवेचना जारी है तथा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles