दिनेशपुर में दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

दिनेशपुर। ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद दो युवकों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बाइक से घर लौट रहे दो युवकों का रास्ता रोककर उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 की रात वार्ड नंबर 03 दुर्गा कॉलोनी निवासी अभिषेक बाछाड़ अपने मित्र शुभम मंडल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सुपर मार्केट के पास वार्ड नंबर 01 निवासी अंशू, वार्ड नंबर 02 निवासी कमल राणा और वार्ड नंबर 06 निवासी अनुज राय ने मामूली विवाद के चलते उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने युवकों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में अभिषेक के गले में 24 टांके आए, जबकि शुभम के पेट और गले में 18 टांके लगाने पड़े।
घटना की तहरीर मिलने पर थाना दिनेशपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 190/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों अंशू पुत्र हीरा सिंह, निवासी वार्ड नंबर 01, दिनेशपुर; कमल राणा पुत्र राजेन्द्र सिंह, निवासी वार्ड नंबर 02, दिनेशपुर और अनुज राय पुत्र दीपक राय, निवासी वार्ड नंबर 06, दिनेशपुर।नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। मामले में शस्त्र अधिनियम की धारा भी बढ़ाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, हेड कांस्टेबल चन्द्रपाल सिंह, कांस्टेबल गंगा सिंह और कांस्टेबल सूरज सिंह शामिल रहे।


