टिहरी पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 24.15 ग्राम स्मैक के साथ चार गिरफ्तार
मुख्यमंत्री के ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत टिहरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में मुनि की रेती और नरेंद्रनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 24.15 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 24 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के पर्यवेक्षण में मुनि की रेती और नरेंद्रनगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की।
24 नवंबर की रात करीब 8:25 बजे यात्री शेड भद्रकाली के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK14P1048 से स्मैक का परिवहन कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान कुणाल कांगड़ा (20 वर्ष), निवासी मीरा नगर, बापू ग्राम ऋषिकेश और अभि छिंद्रा (19 वर्ष), निवासी बापू ग्राम ऋषिकेश के रूप में हुई। तलाशी में उनके कब्जे से 12.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 86 हजार 400 रुपये है। इस मामले में थाना मुनि की रेती में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुनि की रेतीवहीं, 25 नवंबर की रात करीब 12:10 बजे चौकी प्लास्डा बैरियर पर चेकिंग के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK14L8903 से स्मैक ले जा रहे दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान सार्थक असवाल (26 वर्ष), निवासी खांड गांव, ऋषिकेश और चेतन पवार (31 वर्ष), निवासी शांतिनगर, ढालवाला के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से 11.27 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 38 हजार 100 रुपये बताई गई है। इस संबंध में कोतवाली नरेंद्रनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप रावत, राजेंद्र रावत, हेड कांस्टेबल सुनील सैनी, कांस्टेबल संदीप गिरी और सेवक शामिल रहे। वहीं नरेंद्रनगर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सत्येंद्र नेगी, कांस्टेबल करण और एएनटीएफ के कांस्टेबल रविंद्र नेगी शामिल रहे।
एसएसपी श्वेता चौबे ने जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


