डाटा एंट्री ऑपरेटरों को उनका हक दिलाने के लिए मोर्चा ने तहसील में किया प्रदर्शन

विकासनगर। प्रदेशभर की तहसीलों के भूलेख केंद्रों में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों को शासनादेश के अनुरूप उपनल कर्मियों की भांति समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील विकासनगर में प्रदर्शन किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील का घेराव कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार जीडी जोशी को सौंपा। इस दौरान उपजिलाधिकारी मौजूद नहीं थे।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेशभर में भूलेख केंद्रों पर लगभग 120 कंप्यूटर ऑपरेटर एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर पिछले 15 से 20 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। इन कार्मिकों को राजस्व विभाग के जून 2016 के शासनादेश के अनुसार उपनल कर्मियों की भांति मानदेय दिए जाने का प्रावधान किया गया था, लेकिन अब तक इसका अनुपालन नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में उपनल के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ अनुमन्य किया जा चुका है। ऐसे में समान प्रकृति का कार्य करने वाले डाटा एंट्री ऑपरेटर भी इस सुविधा के हकदार हैं। राजस्व परिषद, उत्तराखंड की ओर से शासन को 14 अगस्त 2026 को भेजी गई रिपोर्ट में भी स्पष्ट किया गया है कि इन कार्मिकों का मानदेय उपनल कर्मियों की भांति स्वतः परिवर्तित हो जाएगा। इसके बावजूद संबंधित कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
नेगी ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे इन कार्मिकों को शासनादेश के अनुरूप मानदेय और अधिकार मिलना चाहिए। मोर्चा जल्द ही इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाएगा और कर्मचारियों को उनका हक दिलाने के लिए प्रयास जारी रखेगा।
प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, मोहम्मद आरिफ, हाजी असद, बृजलाला टम्टा, प्रवीण शर्मा पिन्नी, संजय गुप्ता, गुलफाम अली, वाहिद कुरैशी, मानचंद राणा, रूपचंद, विक्रम सिंह पाल, नदीम, मीडिया प्रभारी अतुल हांडा, परितोष सरकार, ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट, शराफत अली, अशोक गुप्ता, अतर सिंह नेगी, विनय गुप्ता, प्रमोद शर्मा, विनोद जैन, प्रवीण कुमार, परिमल गोस्वामी, प्रवेश तोमर, अंकुर चौरसिया, अजीत चौधरी, नसीम, देव सिंह चौधरी, अनिल गौड़, सायरा बानो, नाहिद खान, समून, गफूर, चौधरी मामराज, शेर सिंह चौधरी, नौशाद, मनीष कुमार, श्रवण गर्ग, क्रिस्टीना, सुषमा, राघव भल्ला, जसकीरत सिंह, जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा, भूरा और सुनील कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


