HTML tutorial
HTML tutorial

भारत-नेपाल सीमा पर हाथी दांत की बड़ी खेप पकड़ी, 19.39 किलो हाथी दांत जब्त

भारत-नेपाल सीमा पर हाथी दांत की बड़ी खेप पकड़ी, 19.39 किलो हाथी दांत जब्त
Spread the love

पटना। वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बिहार पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। भारत-नेपाल सीमा के निकट बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में 19.39 किलोग्राम हाथी दांत जब्त किया गया है। इस मामले में अवैध वन्यजीव व्यापार में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

डीआरआई को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ तस्कर हाथी दांत की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने बिहार पुलिस के साथ समन्वय कर संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो दोपहिया वाहनों पर सवार चार संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। इनमें से एक व्यक्ति के पास मौजूद बैग में हाथी दांत होने का संदेह था।

अधिकारियों के अनुसार, रोकने पर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन संयुक्त टीम ने उन्हें पकड़ लिया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 19.39 किलोग्राम हाथी दांत बरामद हुआ। वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत हाथी दांत को जब्त कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

डीआरआई के अनुसार हाथियों को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में संरक्षित प्रजाति के रूप में शामिल किया गया है। इसके साथ ही हाथियों को वन्य जीवों एवं वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन (सीआईटीईएस) के परिशिष्ट-1 में भी सूचीबद्ध किया गया है। भारतीय कानून के तहत हाथी दांत का व्यापार प्रतिबंधित है।

हाथी दांत की अवैध तस्करी से हाथियों के संरक्षण और जैव विविधता को गंभीर नुकसान पहुंचता है। डीआरआई ने कहा कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय कर वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles