उत्तराखंड में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 273 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी,1.35 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद
देहरादून। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर तस्करों और उनके नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के सख्त निर्देशन में 24 और 25 नवंबर को चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’ के तहत प्रदेशभर में एक साथ कार्रवाई की गई। तड़के पांच बजे 181 पुलिस टीमों ने 273 चिह्नित हॉटस्पॉट पर छापेमारी और सघन चेकिंग करते हुए 968 संदिग्धों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 69 मुकदमे दर्ज कर 76 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने करीब 1.35 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की।
अभियान का उद्देश्य पिछले सात वर्षों से सक्रिय नशा तस्करों के साथ ही उनके पूरे नेटवर्क और नशे के कारोबार से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई करना था। इसके लिए जनपदों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस ने देहरादून में सपेरा बस्ती, बिंदाल पुल और ऋषिकेश के गुमानीवाला क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। नैनीताल में गूलरभोज और गुल्लरघट्टी, कोटद्वार में कोड़िया बैरियर, टिहरी में मुनि की रेती तथा ऊधमसिंह नगर में भूरारानी और रम्पुरा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी छापेमारी की गई।
जिलेवार गिरफ्तारियों में ऊधमसिंह नगर में 19, नैनीताल में 16, हरिद्वार और देहरादून में 13-13, टिहरी में छह तथा पिथौरागढ़ में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 450 ग्राम हेरोइन, 4.9 किलोग्राम चरस, 45 किलोग्राम गांजा और 1,510 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए। इसके अलावा 40 पेटी अंग्रेजी शराब भी पकड़ी गई। बरामद चरस में एसटीएफ/एएनटीएफ की व्यावसायिक मात्रा वाले एक मामले में पकड़ी गई 4.1 किलोग्राम चरस शामिल है। इसी तरह नशीली दवाओं में दूसरे मामले में बरामद 1,282 कैप्सूल और टैबलेट भी शामिल हैं।
पुलिस ने केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि तस्करों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के लिए 473 अभियुक्तों के डोजियर तैयार किए। अभियान में 61 नए हिस्ट्रीशीटर खोले गए, जबकि पांच गैर-जमानती वारंट का निष्पादन कर फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दो अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए। इसके साथ ही 1.3 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध भांग की खेती को भी नष्ट किया गया। मानस हेल्पलाइन 1933 पर मिली आठ शिकायतों का मौके पर सत्यापन किया गया।
उत्तराखंड पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 1,340 मुकदमे दर्ज कर 1,601 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 62 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। नशा तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ पीआईटीएनडीपीएस एक्ट के तहत 16 लोगों को निरुद्ध किया गया है। वहीं, वित्तीय अन्वेषण के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार से अर्जित करीब 6.30 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल तस्करों, उनके नेटवर्क और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का लक्ष्य प्रदेश की युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाकर देवभूमि को नशामुक्त और सुरक्षित बनाना है।


