ऊर्जा निगम कर्मचारी 26 अगस्त को यूजेवीएनएल मुख्यालय पर करेंगे धरना प्रदर्शन
देहरादून।देवभूमि खबर। ऊर्जा निगम अधिकारियों और कर्मियों को बिजली दरों में मिलने वाली रियायत बंद करने को लेकर कर्मचारी संगठनों ने विरोध किया है। प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि सरकार जनता में झूठ फैला रही कि बिजली अधिकारियों, कर्मियों को मुफ्त में बिजली मिलती है। जबकि उनके वेतन से निश्चित न्यूनतम राशि बतौर बिल कटौती की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग जैसे जल संस्थान, बैंक, ओएनजीसी, रेल आदि कर्मियों को प्रोत्साहन के लिए कुछ सुविधाएं रियायती दरों पर देता है। इसी तरह ऊर्जा के तीनों निगमों में भी उप्र राज्य विद्युत परिषद के समय से रियायती दरों पर बिजली दी जा रही है। विभाग इन दरों का समय समय पर विभाग पुनरनिरीक्षण भी करता है। शर्मा ने कहा कि सातवें वेतनमान के अनुसार टैरिफ का निर्धारण होना चाहिए लेकिन यदि कर्मचारियों का पक्ष सुने बिना ही रियायत खत्म की गई तो उग्र आंदोलन होगा। 26 अगस्त को यूजेवीएनएल के मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

