उपाध्यक्ष बीस सूत्रीय कार्यक्रम नरेश बंसल ने की विकासखण्ड नरेंद्रनगर की बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा
नई टिहरी ।राज्य स्तरीय बीस सूत्रीय कार्यक्रम उपाध्यक्ष (कैबिनेट स्तर) नरेश बंसल ने विकासखण्ड सभागार नरेन्द्रनगर में बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में बंसल ने अधिकारियों को बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद में चल रहे कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिये ।उन्होने जिला विकास अधिकारी को जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यो की विभागवार रिपोर्ट (प्रगति रिपोर्ट) प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। साथ ही यह भी निर्देश दिये कि जिला टास्क फोर्स द्वारा चाल खाल के निर्माण कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया जाय। उन्होंने पीएमजीएसवाई एवं पेयजल निगम के अधिकारियों को आवंटित लक्ष्य में संतुलन स्थापित किये जाने के मकसद से शासन को पत्र व्यवहार करने के निर्देश दिये क्योंकि लक्ष्यों की अधिकता के कारण कार्यो का समय पर पूरा होना सम्भव प्रतीत नही हुआ। बंसल ने कृषि विभाग के मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिये कि फसलों की बुआई समय से पहले किसानों की कार्यशालायें आयोजित करें जिसमें किसानों को फसल बुआई की उचित तकनीक, खाद्य और कीटनाशों के सही मात्रा में प्रयोग की जानकारी दी जाय। वन विभाग के अधिकारियों द्वारा जनपद में निर्मित किये गये चाल-खाल की संख्या नही बताने पर नाराजगी व्यक्त की ।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे बैठक में कार्यो की प्रगति के सही आंकडे लेकर उपस्थित हो ताकि बैठक का उद्देश्य पूरा हो सके। श्री बाँसलने सभी अधिकारियों को ईमानदारी पूर्वक कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना ही हमारा मकसद होना चाहिए। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पंहुचना चाहिए।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष बीस सूत्रीय कार्यक्रम दिनेश डोभाल, गजेन्द्र खाती, जिला विकास अधिकारी आन्नद सिंह भाकुनी, सीएमओ भागीरथी जंगपांगी, मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी एवं महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र महेश प्रकाश आदि उपस्थित थे।

