अनाथालय में खाना मांगने पर 3 साल की बच्ची को गर्म चिमटे से दागा

Spread the love

वाराणसी ।काशी अनाथालय में महिला वार्डन द्वारा मासूम पर कहर बरपाने का मामला सामने आया है। घटना रविवार की है। आरोप है कि चेतगंज थाना क्षेत्र के काशी अनाथालय में खाना मांगने पर वार्डन ने तीन साल की बच्ची को गर्म चिमटे से दाग दिया। मामला सार्वजनिक होने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी और पुलिस जांच करने अनाथालय पहुंची।

शुरुआती जांच में अनाथालय की वार्डन माधुरी सिंह को दोषी पाते हुए उसे बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही काशी अनाथालय के अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर माधुरी सिंह के खिलाफ चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि 4 सितंबर को खाना मांगने पर बच्ची की वार्डन और उनकी सहयोगी ने पिटाई की। सोमवार शाम को सामाजिक संस्था ‘आगमन’ के लोग काशी अनाथालय पहुंचे तो वार्डन सहित अन्य लोगों ने ऐसी किसी घटना से इंकार कर दिया। इस पर संस्था के लोगों ने डीएम और एसएसपी को फोन कर घटना की जानकारी दी।

इस मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी पीके त्रिपाठी, इंस्पेक्टर (चेतगंज) प्रवीण कुमार और बाल कल्याण समिति के अधिकारी काशी अनाथालय जांच करने पहुंचे। जांच में बच्ची को गर्म चिमटे से दागने की पुष्टि हुई तो उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भेजा गया।

देवभूमि खबर

Related articles