श्रम मंत्री गंगवार ने वर्ष 2017 के लिए विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार और राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार प्रदान किए
नई दिल्ली।पीआईबी।श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संतोष कुमार गंगवार ने आज नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में प्रदर्शन वर्ष 2017 के लिए विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार (वीआरपी) और राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार (एनएसए) प्रदान किए। इन पुरस्कार योजनाओं का संचालन मंत्रालय के तकनीकी प्रकोष्ठ यथा फैक्टरी परामर्श सेवा एवं श्रम संस्थान महानिदेशालय (डीजीएफएएसएलआई), मुम्बई द्वारा किया जाता है जो श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का एक संबद्ध कार्यालय है।
श्री गंगवार ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विजेताओं की कड़ी मेहनत एवं उत्कृष्टता हेतु प्रतिबद्धता के लिए उन्हें बधाई दी। औद्योगिक कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फैक्टरी परामर्श सेवा एवं श्रम संस्थान महानिदेशालय (डीजीएफएएसएलआई) की भूमिका की सराहना करते हुए श्री गंगवार ने कहा कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने अनुच्छेद 35-ए और अनुच्छेद 370 को हटाये जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में फैक्टरी परामर्श सेवा एवं श्रम संस्थान महानिदेशालय (डीजीएफएएसएलआई) और खान महानिदेशालय के कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। श्री गंगवार ने कहा कि ईपीएफओ का कार्यालय भी जम्मू-कश्मीर एवं लेह में खोला जाएगा, ताकि इन क्षेत्रों के कामगारों को सामाजिक सुरक्षा मुहैया कराई जा सके।
‘प्रदर्शन वर्ष 2017’ के लिए कुल मिलाकर 197 आवेदन विभिन्न उद्योगों से प्राप्त हुए थे जिनमें से 28 पुरस्कार प्रदान किए गए हैं। ये 28 पुरस्कार 131 व्यक्तियों द्वारा साझा किए जा रहे हैं। ‘प्रदर्शन वर्ष 2017’ के लिए सभी 12 योजनाओं में एनएसए पुरस्कार विजेताओं और उपविजेताओं की संख्या कुल मिलाकर 130 (81 विजेता और 49 उपविजेता) है जिनका चयन विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त 288 आवेदनों में से किया गया है।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की आगामी पहलों का उल्लेख करते हुए श्री गंगवार ने कहा कि ‘सामाजिक सुरक्षा पर संहिता’ का मसौदा तैयार है और इसे हितधारकों के साथ जल्द ही साझा किया जाएगा, ताकि उनकी टिप्पणियां जल्द प्राप्त हो सकें।

