ऊर्जा संरक्षण के अभियान को गोष्ठियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए :राज्यपाल
देहरादून।राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने शनिवार को पेट्रोलियम संरक्षण अनुसंधान संघ एवं तेल कंपनियों द्वारा आयोजित तेल एवं गैस संरक्षण अभियान ‘‘सक्षम-2021’’ में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों तथा वर्चुअल माध्यम से जुड़े 300 से अधिक प्रतिभागियों को पेट्रोलियम पदार्थों के सरंक्षण तथा इनके व्यर्थ उपयोग को रोकने के लिए अन्य लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलवाई। यह संरक्षण अभियान पूरे देश में 16 जनवरी से 15 फरवरी तक चलाया जाएगा। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण के अभियान को गोष्ठियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। परम्परागत कृषि प्रणाली तथा ऊर्जा संरक्षण की पद्धतियों को संरक्षित तथा प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को अपनी कुल आवश्यकता का 85 प्रतिशत पेट्रोलियम विदेशों से आयात करना पड़ता है। आयात पर निर्भरता कम करने के लिये पेट्रोलियम पदार्थों का संरक्षण अति आवश्यक है। इसके लिए नवीनीकृत ऊर्जा के साधनों सौर, पवन जल ऊर्जा आदि के प्रयोग को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर अपर सचिव श्री सुशील कुमार, विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि, तेल व्यवसायी, डीलर तथा जूम के माध्यम से 300 से अधिक प्रतिभागी सम्मिलित थे।

