HTML tutorial
HTML tutorial

जिला अधिकारी गर्ब्याल ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

जिला अधिकारी गर्ब्याल ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
Spread the love

ललित जोशी,नैनीताल

नैनीताल । जनपद नैनीताल की सड़कों पर आवागमन को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारी आपसी तालमेल व समन्वय से कार्य करना सुनिश्चित करें। यह निर्देश जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कलैक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए दिये।

श्री गर्ब्याल ने निर्देश दिए कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पाॅट्स का शीघ्रता से स्थायी समाधान किया जाये और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के साथ ही आवश्यकतानुसार सड़कों पर क्रैश बेरियर, स्पीड ब्रेकर, रम्बर स्ट्रिप आदि की व्यवस्था की जाये। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को जनपद में सर्वाधिक आवागमन वाली सड़कों को दुरस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हल्द्वानी में यातायात व्यवस्था को सुगम व सुचारू बनाये रखने के लिए बस स्टैण्ड से सिंधी चैराहे, मुखानी चैराहे पर आॅवर ब्रिज निर्माण के निर्माण हेतु विशेषज्ञों के माध्यम से गहनता से अध्ययन कर कार्य योजना तैयार करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने नैनीताल शहर में वाहनों के आवागमन से सम्बन्धित नियमों, आदेशों एवं दिशा-निर्देशों का अध्ययन करने के निर्देश परिवहन विभाग के अधिकारियो को दिए।
उन्होंने परिवहन व पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे प्रवर्तन कार्यो में तेजी व सख्ती लाये तांकि ओवर लोडिंग, नशे में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय चालक द्वारा मोबाइल पर बात करने वालों पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाकर दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने जनपद में शीघ्र ही ट्रैफिक अवेयरनेस सेंटर निर्माण हेतु व्यक्तिगत रूचि लेते हुए कार्य करने के निर्देश आरटीओ नन्द किशोर को दिये। उन्होंने सड़क सुरक्षा सम्बन्धी सूचनाओं के तीव्रगति से आदान प्रदान हेतु व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश परिवहन विभाग के अधिकारियों को दिये।

आरटीओ नन्द किशोर ने बताया कि जपनद में 07 सड़क दुर्घटना ब्लैक स्पाॅट चिन्हित है। जिसमें से तीन ब्लैक स्पोट्स पर सुधारीकरण कार्य किया जा चुका है और सुधारीकरण के उपरान्त सड़क दुर्घटनाओं में कमी परिलक्षित हुई है। लालकुआं क्षेत्र में चिन्हित चार ब्लैक स्पोट पर वर्तमान में सुधारीकरण कार्य गतिमान है। उन्होंने बताया कि वाहन चालकों की परीक्षा हेतु ड्राईविंग टेस्ट ट्रैक, वाहनों की फिटनेस हेतु आॅटोमेटेड टेस्टिंग लेन के निर्माण हेतु भूमि का स्थानान्तरण परिवहन विभाग के नाम हो चुका है। उन्होंने बताया कि वाहनों में आॅवर लोडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय चालक द्वारा मोबाइल पर बात करने, रेड लाइट जम्प एवं भार वाहनों में यात्री ढोने वाले 199 व्यक्तियों के लाइसेंस माह जनवरी में अनर्ह किये गये हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में वाहनों में आॅवर लोडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय चालक द्वारा मोबाइल पर बात करने, रेड लाइट जम्प एवं भार वाहनों में यात्री ढोने वाले 1319 व्यक्तियों के लाइसेंस अनर्ह किये गये हैं

बैठक में पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पिंचा, एआरटीओ विमल पाण्डे, अधिशासी अभियंता एनएच सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि महेन्द्र कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ.टीके टम्टा सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद थे।

देवभूमि खबर

Related articles