जिलाधिकारी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा किया गया जोरदार स्वागत

जिलाधिकारी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा किया गया जोरदार स्वागत
Spread the love

पौड़ी।कोविड-19 संक्रमण काल में अपने घर वापस आये प्रवासियों से मिलने के लिए जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे आज 03 किमी पैदल चलकर विकासखंड कल्जीखाल के चोण्डली गांव पहुंचे। जिलाधिकारी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया तथा उनमें खुशी की लहर देखने को मिली। गांव में पहुंचने से पूर्व जिलाधिकारी डाॅ. जोगदण्डे ने थानेश्वर महादेव में जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की।  

गांव में पहुंचते ही जिलाधिकारी ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जानते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सामाजिक दूरी का अनुपालन, सेनेटाइजर, मास्क का उपयोग आवश्यक रूप से करें, ताकि कोविड संक्रमण का खतरा ना बना रहे। जिलाधिकारी ने ग्रामीण परिवारों को मा. मुख्यमंत्री कोविड मेडिकल किट तथा आइबर मैक्टिन किट वितरित कर उन्हें दवा खाने का तरीका भी बताया। इस दौरान गांव वापस लौटे प्रवासियों ने जिलाधिकारी के सम्मुख विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गांव में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जाते हैं तो गांव में ही रह कर स्वरोजगार अपनाकर अपनी आर्थिकी को मजबूत बनाएंगे। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि गांवों में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन आदि विभाग द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं तथा बेरोजगार युवाओं को ट्रेनिंग देकर स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे स्वरोजगार को अपनाकर अपनी आर्थिकी को मजबूत बना सकें। कहा कि इससे गांवों में रोजगार के अवसर तो प्राप्त होंगे ही साथ ही पलायन पर भी रोक लग सकेगी।
  जिलाधिकारी डॉ. जोगदण्डे विकासखंड कल्जीखाल के चोण्डली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने काफी लंबे समय बाद कोविड संक्रमण काल में अपने घर वापस आए प्रवासियों से बातचीत कर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिकी को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वरोजगार हेतु विभिन्न विभागों के माध्यम से विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है। गांव में कम लागत में कार्य करने में अच्छे परिणाम देखने को मिलते हैं, जो आय के  बेहतर संशाधन बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी परिवार स्वरोजगार से जुड़ना चाहता है, उसके लिए जिला प्रशासन पूरी मदद करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि गांव में कृषि हेतु सिंचाई के लिए भी पूरा प्रयास किया जाएगा, ताकि बंजर पड़ी खेती आबाद हो सके। कहा की गांव में पंचायत भवन व आंगनबाड़ी केंद्र का प्रस्ताव बनाकर जल्द कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चोण्डली गांव में आने वाले मोटर मार्ग का प्रस्ताव बनाकर जल्द कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। आस पास क्षेत्रों में रह रहे ग्रामीणों को भी किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना नही करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि थानेश्वर महादेव की यात्रा हर वर्ष भव्य रूप से मनाएं, जिससे बाहर रह रहे लोग अपने गांव आते-जाते रहेंगे। इस दौरान अपने गांव लौटे प्रवासियों व अन्य लोगों ने जिलाधिकारी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
     

डीपीआरओ एमएम खान ने गांव लौटे प्रवासियों से बातचीत में कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जनपद के समस्त ग्राम पंचायतों में मा. मुख्यमंत्री कोविड मेडिकल किट व आइबर मेक्टिन किट उपलब्ध कराई जा रही है। कहा कि उस किट के अंदर दवाई खाने के तरीके का पर्चा की रखा गया है। उन्होंने ग्रामीणों को कहा कि संक्रमण से बचने के लिए गांव के आस-पास समय-समय पर स्वच्छता अभियान, सेनेटाइजर करवाते रहें।
     कोविड काल मे अपने घर वापस लौटे जगदीश सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी जी के गांव में पहुंचने पर काफी खुशी हुई है और एक नया उत्साह जागा है। कहा कि काफी लंबे समय बात अपने गांव लौटे हैं, अब गांव में ही स्वरोजगार अपनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि हम तीनों भाई व पूरा परिवार कोविड काल मे अपने घर लौटे जहां गांव में ही स्वरोजगार अपनाकर अपनी आर्थिकी मजबूत बनाना चाहते हैं। कहा कि गांव की विभिन्न समस्याओं हेतु जिलाधिकारी को अवगत कराया गया है, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा सहयोग का भरोसा दिलाया गया है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह नेगी, खंड विकास अधिकारी जय प्रकाश भारद्वाज, एबीडीओ हरेंद्र कोहली, उमेश चंद्र  बहुगुणा, कमल आर्य, जगमोहन सिंह, मनमोहन सिंह अन्य उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles