गैरसैण मे उत्तराखंड शहीदों को श्रद्धांजलि देने विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक दल हुए रवाना
देहरादून। देहरादून से भिन्न भिन्न सामाजिक- सांस्कृतिक दल गैरसैण मे उत्तराखंड शहीदों को श्रद्धांजलि देने हेतु रवाना हुए हैँ। राज्य आंदोलनकारी, गैरसैण अभियान कर्मियों ने गैरसैण राजधानी निर्माण अभियान की कॉल पर राज्य अवधारणा के प्रश्नों को पूर्ण करने के लिये इस बार गैरसैण के रामलीला मैदान मे रामपुर तिराहा कांड और उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया है। इसी क्रम मे आज विभिन्न संगठनों के नेता व सामाजिक सांस्कृतिक अभियान दल गैरसैण की ओर कूच कर गए हैं। इनमें आध्यात्मिक गुरु श्री मुकुंद कृष्ण दास, प्रसिद्द लोक गायिका श्रीमती शकुंतला रमोला, लोक गायक श्री सौरभ मैठाणी, उत्तराखंड आंगनबाड़ी कार्यक्रत्री संगठन की अध्यक्ष श्रीमती रेखा नेगी ठकुराइन, देवभूमि भैरव सेना के अध्यक्ष श्री संदीप खत्री, उत्तराखंड भू कानून आंदोलन के प्रमुख श्री प्रभात कुमार, गैरसैण राजधानी निर्माण अभियान के युवा संयोजक मदन सिंह भंडारी, रविंद्र कुमार प्रधान, लक्ष्मीप्रसाद थपलियाल, सुभाष रतुड़ी आदि बड़ी संख्या में प्रबुद्ध आंदोलनकारी सम्मिलित हैँ, तड़के प्रातः से ही गैरसैण की ओर कूच कर चुके हैँ।
रामलीला मैदान में कल रामपुर तिराहा आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ साथ लोक कलाकारों द्वारा ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के गीतों की प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। कार्यक्रम के विषय में प्रकाश डालते हुए श्री मदन सिंह भंडारी जी ने बताया कि प्रातः गैरसैण राजधानी निर्माण अभियान एवम आंदोलनकारियों का अभियान दल भराड़ीसैण विधानसभा के समक्ष पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवम यशस्वी पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देकर कार्यक्रम का शुभारम्भ करेगा। तत्पश्चात गैरसैण के रामलीला मैदान में पहुंचकर रामपुर तिराहा और राज्य आंदोलनकारियों हेतु ‘शहीद वंदन एवम अभिनंदन सम्मान’ कार्यक्रम प्रारम्भ होगा।
रामलीला मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम के बारे में बताते हुए गैरसैण राजधानी निर्माण अभियान के युवा संयोजक श्री मदन सिँह भंडारी ने यह भी बताया कि *02 अक्टूबर 21 “चलो गैरसैण”
*उत्तराखंड शहीद वंदन एवम आंदोलनकारी सम्मान अभिनंदन* कार्यक्रम के तहत रामलीला मैदान गैरसैण में प्रातः 9:30 से सर्वप्रथम वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जी की मूर्ति पर माल्यार्पण व तदुपरान्त उत्तराखंड राज्य आंदोलन मे रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पिण – श्रद्धांजलि एवम शहीद गान कार्यक्रम का शुभारम्भ होगा। तत्पश्चात रामपुर तिराहा समेत सर्व उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों के सम्मान मे उत्तराखंड आंदोलन का विजय घोष गीत एवम व्याख्यान श्री मुकुंद कृष्ण दास जी (रामपुर तिराहा गोलीकांड के गोली लगने से घायल आंदोलनकारी मनोज ध्यानी ) द्वारा दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड आंदोलन की अवधारणा एवम गैरसैण राजधानी पर विचारपत्र कार्यक्रम में प्रस्तुत किये जायेंगे। श्री मदन सिंह भंडारी ने बताया कि उत्तराखंड आंदोलन एवम राजधानी गैरसैण आंदोलन के प्रमुख आंदोलनकारियों का माल्यार्पण व सम्मान कार्यक्रम एवम प्रसिद्ध लोक कलाकारो की सांस्कृतिक टीम शहीद गान व ऐतिहासिक गीतों के साथ भजनावली प्रस्तुतियाँ देंगी। कार्यक्रम में प्रबुद्ध समाजसेवियों द्वारा 02-02 मिनट का सूक्ष्म सम्बोधन भी किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम का समापन उत्तराखंड राज्य अवधारणा के सवालों पर संकल्प लेने के साथ सम्पन्न होगा।
गैरसैण संघर्ष एवम आयोजन कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री नारायण सिंह बिष्ट ने बताया कि उत्तराखण्ड सचिवालय संघ के अध्यक्ष श्री दीपक जोशी, उत्तराखंड समानता मंच के महासचिव श्री विनोद नौटियाल, उत्तराखंड आंगनबाड़ी संगठन की अध्यक्ष श्रीमती रेखा नेगी, प्रखर उत्तराखंड आंदोलनकारी एवम समाजसेविका श्रीमती भावना पांडे, देवभूमि भैरव सेना के अध्यक्ष श्री संदीप खत्री, उत्तराखंड भू कानून के सूत्रधार एवम आस के अध्यक्ष श्री प्रभात कुमार, श्रीमती दीपिका न्याल एवम अनेकों कर्मचारी संघो, उत्तराखंड बेरोजगार संगठन आदि का समर्थन उत्तराखंड अवधारणा के बिन्दुओं पर मिल रहा हैं।

