जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बिगराबाग में शिविर आयोजित, 210 लोग लाभान्वित
खटीमा। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत न्याय पंचायत बिगराबाग के पंचायत भवन बिरिया में गुरुवार को अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए इस अभियान के अंतर्गत पंजीकृत सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकार के प्रमाण पत्र शीघ्रता से निर्गत किए जाएं। साथ ही विभाग आपसी समन्वय बनाते हुए विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करें एवं पात्र व्यक्तियों के आवेदन पत्र मौके पर ही भरवाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी आवेदन पत्र में कोई कमी हो तो संबंधित विभाग आपस में समन्वय कर उसी समय निस्तारण कराएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 51 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों के लिए 25 आवेदन पत्र भरवाए गए तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 210 लोगों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान 03 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 02 महिला स्वयं सहायता समूहों को चेक एवं 01 दिव्यांग प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, नोडल अधिकारी शिविर/मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, तहसीलदार वीरेन्द्र सजवाण, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष नंदन सिंह खड़ायत, खंड विकास अधिकारी संजय गांधी सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

