डीजीपी दीपम सेठ के निर्देशन में 05 सदस्यीय दल करेगा पुलिस व्यवस्था, भीड़ और यातायात प्रबंधन की बारीकियों का अध्ययन

डीजीपी दीपम सेठ के निर्देशन में 05 सदस्यीय दल करेगा पुलिस व्यवस्था, भीड़ और यातायात प्रबंधन की बारीकियों का अध्ययन
Spread the love

देहरादून।मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड। डीजी/आईजी सम्मेलन के अनुपालन में बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं के प्रभावी प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देशन में उत्तराखण्ड पुलिस के पाँच अधिकारियों की एक टीम को गुजरात के नर्मदा जिले (केवड़िया) में अध्ययन हेतु भेजा गया है।

इस दल में पुलिस उपाधीक्षक श्री अभिनय चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक सुश्री नताशा सिंह, निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार उनियाल, उपनिरीक्षक सुश्री बरखा कन्याल तथा उपनिरीक्षक सुश्री दीपिका बिष्ट सम्मिलित हैं।

यह पुलिस दल राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केवड़िया में आयोजित एकता परेड के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन, वीवीआईपी सुरक्षा बंदोबस्त तथा यातायात प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों और कार्यप्रणालियों का विस्तृत अध्ययन और अवलोकन करेगा।

उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार करने हेतु केवड़िया में भव्य एकता परेड का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर से विभिन्न राज्यों की पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों एवं अर्द्धसैनिक बलों के लगभग 4200 पुलिसकर्मी प्रतिभाग कर रहे हैं।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों से पुलिस अधिकारियों को बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की बारीकियों को सीखने का अवसर मिलता है। साथ ही, विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय और कार्यकुशलता भी बढ़ती है। इस अध्ययन दौरे से प्राप्त अनुभवों को उत्तराखण्ड में आयोजित कार्यक्रमों में सर्वोत्तम प्रथाओं (Best Practices) के रूप में अपनाया जाएगा, जिससे राज्य की पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बन सके।

देवभूमि खबर

Related articles