जल संसाधनों के वैज्ञानिक आकलन की दिशा में अहम पहल, चमोली में संगणना कार्यों को लेकर जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न

Spread the love

चमोली। भारत सरकार, जल शक्ति मंत्रालय द्वारा संचालित सातवीं लघु सिंचाई संगणना, द्वितीय जल निकाय संगणना एवं प्रथम स्प्रिंग संगणना के सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिलाधिकारी सभागार में जिला स्तरीय उप-समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगणना कार्यों की प्रगति, कार्ययोजना, फील्ड स्तर पर क्रियान्वयन की रणनीति एवं विभागीय समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सातवीं लघु सिंचाई, द्वितीय जल निकाय एवं प्रथम स्प्रिंग संगणना जनपद के जल संसाधनों के समग्र विकास एवं संरक्षण की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। संगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं का मजबूत आधार बनेंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि संगणना कार्य पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न हो तथा फील्ड स्तर पर डाटा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

जिलाधिकारी ने विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने और फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि ये संगणनाएँ जनपद के जल संसाधनों के वैज्ञानिक आकलन, संरक्षण, पुनर्जीवन एवं भविष्य की जल प्रबंधन योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। संगणना से प्राप्त आंकड़े नीति निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं की योजना, जल निकायों के संरक्षण तथा स्प्रिंग शेड प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर लघु सिंचाई संगणना के ट्रेनर राहुल शर्मा ने भारत सरकार द्वारा विकसित मोबाइल एप आधारित डाटा संग्रहण प्रणाली के माध्यम से संगणना कार्य किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि डाटा संग्रहण पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा, जिससे आंकड़ों की सटीकता, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। साथ ही फील्ड स्तर पर कार्यरत गणनाकर्मियों को समय पर प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।

बैठक में मानव संसाधन की तैनाती, प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा, डाटा गुणवत्ता नियंत्रण, सुपरविजन, सत्यापन एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। यह निर्णय लिया गया कि संगणना कार्य की निरंतर समीक्षा जिला स्तर पर की जाएगी तथा किसी भी समस्या का समाधान समय रहते सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक के अंत में उप-समिति के सदस्यों ने संगणना कार्य को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण सहयोग एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में परियोजना निदेशक आनन्द सिंह भाकुनी, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी, जिला पंचायती राज अधिकारी रमेश चन्द्र त्रिपाठी, एसडीओ विकास दरमोडा सहित तकनीकी विशेषज्ञ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Post

मुख्य सचिव ने सचिव समिति की बैठक में स्कूल शौचालय, आंगनबाड़ी, खेल व ई-ऑफिस पर दिए अहम निर्देश

Spread the loveदेहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में सचिव समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने स्कूलों में शौचालयों की साफ-सफाई एवं देखभाल के लिए शीघ्र कार्ययोजना प्रस्तुत करने, प्रदेशभर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों की तर्ज पर विकसित करने के निर्देश […]